हाथरस में आगरा रोड पर लक्ष्मी चंद कटोरी देवी डिग्री कॉलेज के पास आज सुबह करीब सात बजे एक डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह ऑटो सादाबाद से सवारियां लेकर हाथरस आ रहा था। तभी हाथरस की ओर से आ रहे एक डंपर ने आगरा रोड पर लक्ष्मी चंद कटोरी देवी डिग्री कॉलेज के निकट ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घायलों में नगला ओझा थाना चंदपा निवासी रामेश्वर, खेड़ा परसोली थाना चंदपा निवासी विजय, उनकी पत्नी संगीता, बेटे कृष्णा और राम, और बेटी संध्या शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, लुहेटा थाना मुरसान निवासी सुबोध पुत्र राधेश्याम आदि इस दुर्घटना में चोटिल हुए हैं। घायलों की चीख पुकार सुनकर मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने वहां सरकारी एंबुलेंस बुलवाई और सरकारी एम्बुलेंस इन घायलों को जिला अस्पताल लेकर आई।









