मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जल निगम ग्रामीण के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

0
11

 

हाथरस।कलेक्ट्रेट सभागार में जल निगम (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने की।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण पेयजल योजना का मुख्य उद्देश्य आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।

उन्होंने योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पूर्ण, अपूर्ण और अब तक शुरू न हुई परियोजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देशित किया कि अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए और जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने योजना की प्रगति में सुधार के लिए निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिन ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां विद्यालयों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने को कहा गया है। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है।

भूमि की उपलब्धता में आ रही समस्याओं पर भी विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित उप जिलाधिकारी को तुरंत पत्र भेजकर भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्यों में देरी न हो।
ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) ने बताया कि जनपद में योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए दो कार्यदायी संस्थाएं नामित की गई हैं और उनकी प्रगति का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
इस बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here