हाथरस में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इसी क्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने अपने कैंप कार्यालय पर विधि-विधान के साथ भगवान परशुराम का पूजन-अर्चन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित आशीष शर्मा ने पुरोहितों के सानिध्य में पूजा संपन्न कराई। इस दौरान पूरा वातावरण “जय परशुराम” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
पूजन के उपरांत पंडित आशीष शर्मा ने उपस्थित समर्थकों और विप्र बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान परशुराम केवल एक समाज के आराध्य नहीं, बल्कि न्याय, धर्म और सत्य के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस शुभ अवसर पर उन्होंने भगवान से समस्त विश्व के कल्याण, समाज में समरसता और क्षेत्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाएं और शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र यानी शक्ति का उपयोग सदैव समाज और राष्ट्रहित में करें।
कार्यक्रम के अंत में आरती की गई, जिसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर प्रदीप शर्मा पिंकू, ललित शर्मा, विमल प्रधान, मोहित शर्मा, मुकुल उपाध्याय, सुनील अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में विप्र बंधु और समर्थक मौजूद रहे।









