सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के गांव अगराना में एक किसान की गेहूं की फसल में आग लगने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने गांव के कुछ दबंगों पर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।
गांव अगराना निवासी आमोद पचौरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उनके भतीजे को गांव के ही कुछ लोगों ने शराब पिलाकर उनकी खेती अपने नाम लिखवा ली थी। हालांकि, इस जमीन का दाखिल-खारिज अभी नहीं हुआ है और उन्होंने इस मामले में अपील भी दायर कर रखी है।
पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लगा दी, जिससे करीब 25 बीघा फसल जलकर खाक हो गई।
फिलहाल, पीड़ित ने सिकंद्राराऊ पुलिस में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
वहीं, इस मामले में कचौरा चौकी इंचार्ज का कहना है कि सूचना मिलने पर मौके पर जांच की गई। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









