पुलिस हिरासत में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, किशोरी को भगाने के आरोप में था गिरफ्तार

0
74

 

हाथरस जिले की चंदपा कोतवाली में बृहस्पतिवार रात एक युवक ने पुलिस हिरासत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के लोनी निवासी 30 वर्षीय चंद्रपाल पुत्र भोलाशंकर को एक 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। किशोरी के पिता की शिकायत पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने गुरुवार शाम को लोनी से दोनों को बरामद किया था। इसके बाद किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जबकि चंद्रपाल को कोतवाली में हिरासत में रखा गया था।

पुलिस के मुताबिक, रात में युवक ने शौचालय जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक लेकर गए। करीब 15 मिनट तक बाहर न आने पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो युवक शौचालय के रोशनदान की ग्रिल से अंगोछे के सहारे फंदा बनाकर लटका हुआ मिला।

घटना के बाद पुलिसकर्मी तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here