हाथरस।आज दिनांक 25-04-2026 को मुख्य चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक हसायन एवं हाथरस की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कठोर चेतावनी दी गई। निर्देश दिए गए कि सभी ऑपरेटर आईडी एक दिवस के भीतर शत-प्रतिशत सक्रिय की जाएं। यदि किसी भी ऑपरेटर की आईडी सक्रिय नहीं पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं बीपीएम अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन भ्रमण करें तथा प्रतिदिन लगाए जा रहे कैंपों में बनाए गए आयुष्मान कार्ड की प्रगति से अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराएं।
नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत योजना डॉ. मधुर कुमार द्वारा समस्त पात्र लाभार्थियों से अपील की गई कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिक एवं योजना से आच्छादित पात्र लाभार्थी अपने आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाएं। इसके लिए वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आशा, पंचायत सहायक एवं सीएचओ से संपर्क कर सकते हैं, जिससे वे माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव रॉय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मधुर कुमार, डॉ. प्रभात कुमार सिंह, श्री लेखेन्द्र भारद्वाज, श्री महीपाल सिंह सहित समस्त बीपीएम, बीसीपीएम एवं आयुष्मान मित्र उपस्थित रहे।









