हाथरस।सिकंदराराऊ नहर के पास मधुमक्खियों से भरा एक ट्रक अचानक पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।
बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 5 बजे एक मैक्स ट्रक, जिसमें पालतू मधुमक्खियां लदी थीं, अज्ञात कारणों के चलते नहर के पास पलट गया। ट्रक पलटते ही सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हैरानी की बात यह रही कि घटना के काफी देर बाद तक मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। इसको लेकर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद काफी देर तक कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
भानु प्रताप सक्सेना अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से जाम खुलवाया गया, साथ ही पलटे हुए ट्रक को भी सीधा कराया गया। गनीमत यह रही कि मधुमक्खियां पालतू थीं, जिससे किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी पेंथ चौराहे पर लगातार जाम की समस्या बनी रहती है और वहां भी पुलिस की लापरवाही सामने आती रही है।









