हाथरस रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया है और अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं।
दरअसल, कोतवाली क्षेत्र के गांव चमरौली के पास सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे यह हादसा हुआ। रजापुर निवासी 35 वर्षीय मोनू यादव अपने 10 साल के बेटे अमोल यादव और गांव के ही गंगासिंह यादव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तभी चमरौली गांव के पास मंदिर के नजदीक बाइक रोकने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने तीनों को कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अमोल और गंगासिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने मृतक का शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और वे लंबे समय से अंडरपास की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ, एसडीएम संजय कुमार समेत कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात की गई। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक भी हुई।
फिलहाल, प्रशासन ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहा है और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। वहीं, पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुट गई है।









