गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर गो सेवकों ने निकाली विशाल पदयात्रा, एसडीएम सदर को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री औऱ राज्यपाल के नाम सोंपा ज्ञापन

0
27

 

हाथरस। गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर 27 अप्रैल से 27 जुलाई तक चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत सोमवार को अलीगढ़ रोड स्थित नवग्रह मंदिर से गौ सेवकों द्वारा एक विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में गौ सेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर गौ संरक्षण के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।

यह पदयात्रा शहर नवग्रह से होते हुये तहसील सदर पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, निराश्रित और बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाने, गौ पालन करने वाले लोगों को आर्थिक सहायता एवं अनुदान देने तथा गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग उठाई गई।

गौ सेवकों का कहना था कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व रहा है और प्राचीन काल से ही गौ सेवा को पुण्य कार्य माना जाता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाए जाएं और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि गौवंश की रक्षा हो सके।

इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने ‘गौ माता की जय’ के जयघोष के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शामिल वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान 27 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़कर जनसमर्थन जुटाया जाएगा। अंत में गौ सेवकों ने प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here