हाथरस। सोमवार को मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर तथा प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए अलीगढ़ रोड स्थित प्राचीन बाबा श्री भैरवनाथ मंदिर पर श्रद्धालुओं द्वारा मीठे शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत पहुंचाना और सेवा भाव के माध्यम से धार्मिक आस्था को प्रकट करना रहा।
इस दौरान मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं ने स्टॉल लगाकर राहगीरों को रोक-रोककर ठंडा एवं मीठा शरबत पिलाया। गर्मी से परेशान लोगों ने इस पहल की सराहना की और शरबत पीकर राहत महसूस की। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक अवसरों पर सेवा कार्य करना भारतीय संस्कृति की परंपरा का हिस्सा है, जिससे समाज में आपसी सहयोग और सद्भावना का संदेश जाता है। उन्होंने आगे भी इस तरह के जनसेवा कार्य जारी रखने की बात कही।
इस मौके पर शशांक पचोरी एडवोकेट, सुनील चतुर्वेदी, डब्बू जालौन, निशांत उपाध्याय, संजय फौजी, अजय चौधरी सहित अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









