सिकंदराराऊ में भाजपा की पदयात्रा, महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
सिकंदराराऊ में आज भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जोरदार पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली।
सिकंदराराऊ शहर में भाजपा द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा पुरानी तहसील रोड से महिलाओं के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
पदयात्रा से पहले आयोजित सम्मेलन में स्थानीय विधायक बीरेंद्र सिंह राणा और जिला मंत्री मीरा माहेश्वरी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। विधायक बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि विपक्ष हमेशा महिलाओं के अधिकारों का विरोध करता रहा है और नहीं चाहता कि महिलाओं को उनका हक मिले। उन्होंने परिवारवादी राजनीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी पार्टियां महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी से घबराती हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडल अध्यक्ष मुकुल कुमार गुप्ता ने कहा कि देश की महिलाएं अब विपक्ष की मानसिकता को समझ चुकी हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के वोट तो चाहता है, लेकिन उन्हें उनका अधिकार देने में पीछे हटता है।
इस दौरान संतोष पौरुष, कमलेश शर्मा, आरती त्रिवेदी, नीलम माहेश्वरी, मीना कुशवाहा, किरण बघेल, मिथलेश चौहान, शारदा माहेश्वरी, सुधा गुप्ता, सरिता माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।









