जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई आयोजित

0
31

 

हाथरस।जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर, समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योग बंधु समिति केवल एक औपचारिक मंच नहीं, बल्कि प्रशासन और उद्यमियों के बीच प्रभावी संवाद का सशक्त माध्यम है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उद्यमियों के प्रति सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएँ तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने औद्योगिक निवेश से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत सभी आवेदनों पर तत्काल कार्यवाही की जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शासन की औद्योगिक योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान और ऋण समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान नेशनल हाईवे 509 पर अवैध अतिक्रमण हटाने, जीएसटी कार्यालय की स्थापना, ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने तथा औद्योगिक विद्युत बिलों में त्रुटियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त उद्योग ने जानकारी दी कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों पर कार्य किया जा रहा है। ओडीओपी योजना के तहत कुछ आवेदन बैंक को भेजे गए हैं, वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और युवा योजना के अंतर्गत भी सैकड़ों आवेदन प्रक्रिया में हैं, जिनमें से कुछ को स्वीकृति और ऋण वितरण भी किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित कई अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here