हाथरस। पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर शहर में जश्न मनाया गया। यह आयोजन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा की अगुवाई में उनके शिविर कार्यालय पर हुआ।
इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयों व झालमुड़ी का वितरण किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचकर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया, जहां कार्यकर्ता जश्न में डूबे नजर आए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशीष शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल का भारतीय इतिहास और सनातन संस्कृति में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। यह महर्षि रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, महर्षि अरविंद, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान संतों, विचारकों और राष्ट्रभक्तों की जन्मभूमि व कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि बंगाल ने देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण और स्वतंत्रता संग्राम की अलख जगाने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने आगे कहा कि आज उसी बंगाल की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा उसे विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए भाजपा की जीत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस विजय को केवल राजनीतिक सफलता न बताते हुए करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और भगवान महादेव के आशीर्वाद का परिणाम बताया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।









