जनपद हाथरस से एक बेहद भावुक और सुकून देने वाली खबर सामने आई है, जहां 2 साल की लंबी तलाश के बाद गुमशुदा बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।
मामला थाना सासनी क्षेत्र का है, जहां 11 जुलाई 2024 को नाई का नगला निवासी अतर सिंह ने अपने 13 वर्षीय बेटे शिवम उर्फ शिवा के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। बताया गया था कि बच्चा 9 जुलाई 2024 को बिना बताए घर से चला गया था और वापस नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हाथरस पुलिस ने लगातार 2 वर्षों तक बच्चे की तलाश जारी रखी। इस दौरान सोशल मीडिया, पम्पलेट, फ्लायर, न्यूज चैनलों और विभिन्न जनपदों में सघन खोज अभियान चलाया गया। हर छोटे-बड़े सुराग पर गंभीरता से काम किया गया।
आखिरकार 4 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि गुमशुदा बालक कानपुर में रहकर कबाड़ इकट्ठा कर अपना जीवन यापन कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना सासनी पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर कानपुर के लिए रवाना किया और कड़ी मेहनत के बाद बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस द्वारा बच्चे को सुरक्षित थाना लाकर उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी की जा रही है।
करीब 2 साल बाद अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने हाथरस पुलिस का आभार जताते हुए उनके इस सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
यह घटना पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प का एक बेहतरीन उदाहरण है।









