जनपद हाथरस से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा मेंडू के गांव रूपनगर निवासी प्रेमसिंह, जो गाज़ियाबाद में एक भट्टे पर मुनीम का काम करते थे, आज सुबह अपने घर से शौंच के लिए निकले थे।
इसी दौरान, कस्बा मेंडू स्थित रेलवे ट्रैक पार करते समय वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। वहीं, खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।









