सड़क हादसे में युवक की मौत व दो बच्चे घायल,शादी की खुशियां मातम में बदली

0
16

सासनी। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-93 पर शनिवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घर में आज बड़े भाई की शादी का माहौल था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचा दिया है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, चावड़ मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय विजेंद्र उर्फ विक्की शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे अपने 11 वर्षीय भतीजे कुनाल और 12 वर्षीय भांजी राधिका के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकले थे। आगरा-अलीगढ़ मार्ग स्थित शनि देव मंदिर के निकट पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सासनी पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों को सासनी सीएचसी पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कुनाल और राधिका को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए परिजन अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

यह घटना परिवार के लिए वज्रपात बनकर आई है, क्योंकि आज ही मृतक के ताऊ के बेटे अशोक की शादी थी। शादी वाले दिन हुई इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक विजेंद्र अपने परिवार में दो बहनों के बीच इकलौता भाई था और अभी अविवाहित था। उसके पिता का भी पहले ही देहांत हो चुका है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके उपरांत दोपहर में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here