हाथरस।पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में ई-सम्मन एप्प के संबंध में एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री रामानन्द कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्री श्यामवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक सम्मन सेल, प्रभारी विधि प्रकोष्ठ, प्रभारी निरीक्षक सीसीटीएनएस सहित जनपद के प्रत्येक थाने से आए निरीक्षक अपराध, वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं डाक मुंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान ई-सम्मन एप्प के माध्यम से माननीय न्यायालय से प्राप्त होने वाले सम्मन एवं वारंट को किस प्रकार प्राप्त किया जाए, उन्हें संबंधित उपनिरीक्षक अथवा बीट आरक्षी को कैसे आवंटित किया जाए तथा तामीला उपरांत माननीय न्यायालय को ऑनलाइन कैसे प्रेषित किया जाए, इन सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को ई-सम्मन एप्प में उपलब्ध सभी प्रावधानों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए एवं एप्प की उपयोगिता को विस्तारपूर्वक समझाया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से ई-सम्मन एप्प के प्रयोग द्वारा सम्मन एवं वारंट की तामीला में लगने वाले समय की बचत होगी तथा अधिक से अधिक सम्मन और वारंट का तामीला समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जा सकेगा।







