कोतवाली सासनी क्षेत्र में दो महिलाओं के बीच आपसी विवाद का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नीतू पांडे, निवासी गोरखपुर, वर्तमान पता स्वर्ण धाम कॉलोनी सासनी, ने कोतवाली सासनी में पड़ोस में रहने वाली एक महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता नीतू पांडे का आरोप है कि पड़ोसी महिला आए दिन उनके साथ गाली-गलौज करती रहती है। इस संबंध में उन्होंने कई बार डायल 112 पर शिकायत की, लेकिन हर बार आरोपी महिला माफी मांग लेती थी, जिस कारण अब तक कोतवाली में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब वह अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थीं, तभी पड़ोसी महिला ने उन पर कंकड़ फेंक दिया, जो सीधे उनके सिर में लगा, जिससे वह घायल हो गईं।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया। इस संबंध में क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







