गाड़ी हटाने को लेकर आरएसएस के जिला प्रचारक के साथ की जमकर मारपीट,दो गिरफ्तार

0
3

 

हाथरस। थाना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित नवल नगर भैरव मंदिर के सामने गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार जिला प्रचारक जयकिशोर किसी कार्य से वहां पहुंचे थे, इसी दौरान सड़क पर खड़ी गाड़ी को हटाने को लेकर नवल नगर के ही कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर जिला प्रचारक जयकिशोर पर लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से हमला कर दिया। हमले में जिला प्रचारक को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

घटना के बाद घायल जिला प्रचारक को तत्काल बागला जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सूचना मिलते ही सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल का हाल-चाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष भी देखा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिंह ने बताया कि घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का दावा है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद नवल नगर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here