हाथरस।मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर एक अंतर्विभागीय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक फरवरी 2026 से शुरू होने वाले टीबी मुक्त भारत अभियान और टीबी ग्राम पंचायत की प्रक्रिया के सफल संचालन को लेकर आयोजित की गई।
इस बैठक में जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और सभी से अपेक्षित सहयोग देने की अपील की गई, ताकि जनपद में इस अभियान का सफल और सुचारु रूप से संचालन किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए सभी विभागों का समन्वय और सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि जनपद हाथरस ने इस अभियान में शानदार प्रदर्शन किया है। हाथरस जनपद को राज्य स्तर पर तीसरा स्थान और मंडल स्तर पर पहला स्थान प्राप्त हुआ है, जो जिले के लिए गर्व की बात है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह अभियान और तेज़ी से आगे बढ़ेगा और जनपद को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।







