सिकंदराराऊ।आगामी महाशिवरात्रि एवं शब-ए-बरात पर्व को लेकर सिकंदराराऊ कोतवाली परिसर में दोनों समुदाय के धर्म गुरुओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि दोनों समुदाय के लोग आपसी प्रेम और सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाएं। आने वाले दिनों में महाशिवरात्रि के अवसर पर कांवड़ यात्रा का आयोजन होगा, वहीं सती नगर से भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाती है। ऐसे में सभी लोग एक-दूसरे का सहयोग करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान यदि किसी भी समुदाय द्वारा शांति भंग करने या आपत्तिजनक गतिविधि की कोई भी कोशिश की गई, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीस कमेटी की इस बैठक में उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी जे.एन. अस्थाना, थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा तथा विद्युत विभाग से यूसुफ हुसैन सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।







