हाथरस।सादाबाद तहसील के मोहल्ला इमलियान में गैस सिलेंडर से अचानक आग लगने से एक घर में रखा हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। यह हादसा नौशाद पुत्र कम्मू के मकान में उस समय हुआ, जब परिवार के सभी सदस्य नमाज अदा करने के लिए घर से बाहर गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि घर का कमरा बंद था, तभी अचानक गैस सिलेंडर से आग लग गई। कुछ ही देर में कमरे से काला धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक घर में रखा फ्रिज सहित अन्य कीमती घरेलू सामान पूरी तरह जल चुका था। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार को हजारों रुपये के आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
गनीमत यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है और लोग गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।









