अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पुलिस शिनाख्त में जुटी

0
8

 

हाथरस।सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अलीगढ़-आगरा राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सासनी की ओर से अलीगढ़ की तरफ जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना वन चेतना केंद्र चौकी क्षेत्र के श्री हनुमान जी मंदिर के समीप की बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली के क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक की जामा तलाशी ली, जिसमें उसकी जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान देवेश कुमार पुत्र रामनिवास, निवासी आगरा रोड, समस्तपुर कीरत, अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी और विधिक कार्रवाई शुरू की।

क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की जान गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाथरस भेज दिया है। पुलिस उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है जिसने बाइक सवार को टक्कर मारी। फिलहाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here