अखेपुर में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी युवक हुए गिरफ्तार

0
12

 

थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम अखईपुर में हुई हत्या की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना दिनांक 02 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट की बताई जा रही है। मृतक संजय उर्फ संजू अपने गांव में भूपेन्द्र की चक्की से आटा लेने जा रहा था। इसी दौरान सौरव के घर के सामने गांव के ही कुछ लोगों ने उस पर लाठी, डंडे और लोहे के पाइप से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।

घायल अवस्था में संजय को पहले बागला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान अलीगढ़ के वरुण हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता धर्मेन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना हाथरस जंक्शन में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीमों ने ग्राउंड और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 05 फरवरी 2026 को नामजद अभियुक्त हरिओम पुत्र दीनानाथ और महेश पुत्र दीनानाथ, निवासी अखईपुर, को मिर्गामई कट मथुरा-बरेली हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा और एक लोहे का पाइप भी बरामद किया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मृतक अक्सर शराब के नशे में गाली-गलौज करता था और उसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here