हाथरस।उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस अनु चौधरी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के तत्वावधान में संत विवेकानन्द पब्लिक स्कूल, सादाबाद में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर दिनांक 22.02.2026 (रविवार) को दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज, आगरा रोड, हाथरस में आयोजित होने वाले प्रस्तावित मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
शिविर में उपस्थित पराविधिक स्वयंसेवक यज्ञदत्त शर्मा एवं करण चौधरी द्वारा छात्र-छात्राओं को मेगा/बृहद विधिक साक्षरता शिविर के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के लघु/सूक्ष्म विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन इसलिए किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक जनसामान्य तक मेगा शिविर की जानकारी पहुँचाई जा सके और लोग इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।
छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया कि मेगा शिविर में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे—
वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, बाल सेवा योजना, आयुष्मान भारत योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से संबंधित योजनाएँ तथा दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे इस मेगा/बृहद विधिक साक्षरता शिविर की जानकारी अपने परिवारजनों, रिश्तेदारों एवं आस-पड़ोस के लोगों को अवश्य दें, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं का लाभ उठा सकें।







