आगामी त्यौहार महाशिवरात्रि, कांवड़ यात्रा, रमजान एवं होली को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से थाना सासनी परिसर में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी हाथरस श्री अतुल बत्स एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा की गई।
बैठक में उपजिलाधिकारी सासनी श्री नीरज शर्मा, प्रभारी निरीक्षक थाना सासनी सहित क्षेत्र के धर्मगुरु, गणमान्य एवं सम्भ्रांत व्यक्ति तथा व्यापारी वर्ग के लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपस्थित सभी लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा आगामी त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु आवश्यक सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी से अपील की गई कि महाशिवरात्रि, रमजान एवं होली के अवसर पर आपसी भाईचारा बनाए रखें तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। विशेष रूप से महाशिवरात्रि के दौरान मंदिरों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने एवं किसी भी प्रकार के जुलूस को बिना पूर्व अनुमति के न निकालने के निर्देश दिए गए।
साथ ही होली, शब-ए-बारात एवं अन्य आयोजनों के संबंध में समय से प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देने की अपील की गई, जिससे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि क्षेत्र में होने वाली किसी भी छोटी से छोटी घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि किसी भी बड़े विवाद को रोका जा सके।
अवैध शराब के सेवन से पूर्णतः बचने, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं झूठी खबरों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए सभी को जागरूक किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने का आश्वासन दिया गया।







