हाथरस नगरपालिका सदर कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवकुमार भारद्वाज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि कार्यालय में काम के दौरान उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद साथी कर्मचारियों और अधिकारियों ने तुरंत उन्हें बागला जिला अस्पताल पहुंचाया।
बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शिवकुमार भारद्वाज की अचानक हुई मौत से नगरपालिका कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। सभी लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। वहीं कर्मचारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिवकुमार भारद्वाज हाथरस की सदर नगरपालिका परिषद कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे और अपने कर्तव्यों का नियमित रूप से निर्वहन कर रहे थे। अचानक हुई इस मौत ने न सिर्फ विभाग बल्कि पूरे शहर को गहरे शोक में डाल दिया है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा आगे की औपचारिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।







