मुरसान क्षेत्र में हुए पथराव और बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, तीन वर्षीय मासूम यश की अर्टिगा गाड़ी से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद इलाके में गुस्साए लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और भीड़ ने थाना मुरसान पर पथराव कर दिया।
पथराव की इस घटना को लेकर उपनिरीक्षक हरिओम अग्निहोत्री की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में कुल 121 लोगों के खिलाफ केस लिखा गया है, जिसमें 51 नामजद और 70 अज्ञात आरोपी शामिल हैं। थाना मुरसान पर 8 गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पथराव के वीडियो और थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला हाथरस जिले के कस्बा मुरसान का है, जहां फिलहाल पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









