हाथरस में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर आज खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक आयुक्त रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में अलीगढ़ रोड, आगरा सादाबाद रोड और मथुरा रोड पर स्थित ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, ताजा भोजन परोसने और रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, अपने प्रतिष्ठान के आसपास रोशनी की उचित व्यवस्था रखने और वाहनों की पार्किंग सड़क से दूर करने के लिए भी निर्देशित किया गया। इस अभियान के तहत बाबा ढाबा अलीगढ़ रोड, चौधरी ढाबा रूहल समामाई, श्री भगवान ढाबा अलीगढ़ रोड, श्री बजरंग रेस्टोरेंट निकट हनुमान चौकी और चटोरी गली रेस्टोरेंट सासनी पर जांच की गई।
आगरा सादाबाद हाथरस रोड पर स्थित आशु ढाबा, पंडित ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट, ईडन गार्डन फैमिली रेस्टोरेंट, लकी ढाबा और कान्हा ढाबा का भी निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई के आवश्यक निर्देश दिए गए और रेट लिस्ट आदि लगवाई गईं। मुरसान रोड पर अर्पिता ढाबा, सरपंच ढाबा, अविसी फैमिली ढाबा एंड रेस्टोरेंट, जीएस फैमिली रेस्टोरेंट का निरीक्षण हुआ।
इसके अतिरिक्त, हरीश पुत्र खेमकरण मिठाई नाश्ता केलोरा चौराहा, आनंद स्वरूप पुत्र महिपाल मिठाई नाश्ता केलोरा चौराहा, दिनेश पुत्र राम अवतार सिंह मेंदू ढाबा, लायक सिंह पुत्र जानकी प्रसाद देवी नगर जंक्शन मिठाई नाश्ता, अमित रमेश पाल देवी नगर हाथरस जंक्शन नाश्ता चाय का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। तहसील सादाबाद क्षेत्र में स्थित श्री श्याम बाबा स्वीट हाउस के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। मिलावट के संदेह में मिल्क केक का नमूना जांच के लिए लिया गया।
विभाग ने प्राथमिक विद्यालय नगला रत्ना के एमडीएम भोजन की भी जांच की। तैयार तहरी का सर्वे नमूना संग्रहित किया गया। विद्यालय में उपस्थित सभी 50 बच्चों को आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) के तहत मिलावट पहचानने और साफ-सफाई के संबंध में जागरूक किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि यह निरीक्षण कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









