जिला अधिकारी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियांन योजना के अंतर्गत जिला समन्वयक व शाखा प्रबंधकों की बैठक हुई आयोजित

0
12

 

हाथरस।मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनांतर्गत समस्त जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधकों की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना उत्तर प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहित करना तथा अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करना है।

बैठक में बैंकों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ बैंकों की प्रगति संतोषजनक नहीं है और अनावश्यक रूप से आवेदन निरस्त किए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि जिन बैंकों का प्रदर्शन लगातार कमजोर है, उनके विरुद्ध उच्चाधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि योजना के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हो सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से आवेदन कराकर जनपद के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण हेतु प्रतिनिधि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर और उपायुक्त उद्योग को बैंकवार टीम गठित कर समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए गए।
अधिक संख्या में निरस्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि सभी निरस्त आवेदनों की जांच कर कारण सहित विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही जनपद की सभी बैंक शाखाओं को निर्देशित किया गया कि आगामी 7 दिनों के भीतर प्रत्येक शाखा कम से कम दो आवेदनों पर ऋण वितरण सुनिश्चित करे तथा लक्ष्य पूर्ति तक प्रत्येक सप्ताह दो आवेदनों पर निरंतर ऋण वितरण की कार्रवाई जारी रखे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, प्रतिनिधि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, जिला समन्वयक, सभी बैंक शाखा प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here