अंतर्राष्ट्रीय साहसिक कार्यक्रम में सासनी के भुवनेश और सेजल ने बढ़ाया मान

0
10

अंतर्राष्ट्रीय साहसिक कार्यक्रम में सासनी के भुवनेश और सेजल ने बढ़ाया भारत का मान

सासनी। मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित 27वें अंतर्राष्ट्रीय साहसिक कार्यक्रम में सासनी के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए वैश्विक पटल पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में विश्व के विभिन्न देशों से आए 155 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के भुवनेश प्रताप सिंह को उद्घाटन सत्र और सेजल गौतम को समापन सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ। बिलकिश शेख की अध्यक्षता और एस.एस. रॉय के कार्यक्रम नेतृत्व में आयोजित इस शिविर के मुख्य अतिथि कैंटोनमेंट बोर्ड पचमढ़ी के सीईओ राहुल गजबे रहे।

स्काउट गाइड के माध्यम से व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने साहस और रोमांच का अद्भुत प्रदर्शन किया। शिविर के दौरान भारत और श्रीलंका के बीच मैत्री कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जो दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाती थी। साहसिक गतिविधियों के तहत स्काउट गाइड ने सतपुड़ा हिल्स की पहाड़ियों पर 17 किलोमीटर की ‘पत्थरचटा माउंटेन’ ट्रैकिंग सफलतापूर्वक पूरी की। इसके अतिरिक्त स्काई साइकलिंग, पैरासेलिंग, जेट्स की, एडवांस रॉक क्लाइंबिंग, रेपलिंग, वैली क्रॉसिंग, जिपलाइन, आर्चरी और राइफल शूटिंग जैसी चुनौतीपूर्ण गतिविधियों में भी सहभागिता की।

सांस्कृतिक संध्या में सासनी के दल ने अपनी अमिट छाप छोड़ी। डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. सतना, डॉ. राजेश शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने जटाशंकर महादेव से प्रेरित शिव स्तुति और ब्रज की विश्व प्रसिद्ध होली की रंगारंग प्रस्तुति देकर अंतरराष्ट्रीय मंच को ब्रज के रंग में सराबोर कर दिया। केरल की टीम ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी, वहीं हरियाणा, पंजाब और छत्तीसगढ़ के स्काउट्स ने अपने अनुभव साझा किए।
विदित हो कि डॉ. पुष्पेंद्र सिंह और डॉ. सतना के कुशल मार्गदर्शन में जनपद के परिषदीय विद्यालयों के स्काउट गाइड पहले भी दो बार राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हो चुके हैं। जिला स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह और जिला गाइड कैप्टन डॉ. सतना सिंह के इस अंतरराष्ट्रीय चयन और सफलता पर सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त कविता पांडे, डीआईओएस संत कुमार, डीओसी स्काउट धीरेंद्र प्रताप सिंह, रूपेश कुमार गौतम और खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here