सासनी विद्यापीठ में वार्षिकोत्सव व आशीर्वाद समारोह का भव्य आयोजन, निशू बनीं मिस फेयरवेल और सुहेल चुने गए मिस्टर फेयरवेल
सासनी, हाथरस। सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में गुरुवार को प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशन में वार्षिकोत्सव एवं आशीर्वाद समारोह का अत्यंत भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व प्रबंधक प्रकाश चन्द्र शर्मा एवं प्रदीप गुप्ता उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व प्रबंधक प्रकाश चन्द्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं को आशीष वचन देते हुए कहा कि जीवन में संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही ऊंची और शानदार होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि चुनौतियों को हमेशा स्वीकार करना चाहिए, क्योंकि इससे या तो सफलता मिलती है या फिर सीख।
प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने शिक्षा और मानसिक दृढ़ता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिन्हें पढ़ने की आदत होती है, वे जीवन में कभी अकेले नहीं हो सकते। उन्होंने ‘मन के हारे हार है, मन के जीते जीत’ का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि जीत और हार केवल मन की स्थिति पर निर्भर करती है, इसलिए सदैव आशावादी बने रहना चाहिए। समारोह के दौरान कक्षा 10 और 12 के परीक्षार्थियों का अन्य छात्र-छात्राओं ने ढोल-
नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ भावपूर्ण स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस वर्ष कु. निशू को मिस फेयरवेल और सुहेल को मिस्टर फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। कार्यक्रम के अंत में मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से छेदीलाल शर्मा, अरुण कुमार कौशिक, संजय कुमार, राजीव कुमार, भारत सिंह, प्रियंका, विनय कुमार, नीरज गुप्ता, अशोक कुमार, महेंद्र प्रकाश सैनी, मुकेश दिवाकर, हनी वशिष्ठ, सतीश कुमार, यश कुशवाह और जितेंद्र कुशवाह समेत समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।









