सादाबाद के बिसावर गांव में वीर क्रांतिकारी गोकुला जाट की प्रतिमा अनावरण और जनसभा कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 फरवरी शनिवार को मथुरा-सादाबाद मार्ग स्थित एसबीजे इंटर कॉलेज प्रांगण में यह कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी शिरकत करेंगे। आयोजन समिति और रालोद कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
जनसभा स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, एसडीएम मनीष चौधरी और पुलिस उपाधीक्षक अमित पाठक ने एसबीजे इंटर कॉलेज पहुंचकर प्रतिमा अनावरण स्थल और जनसभा स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय राष्ट्रीय लोक दल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।









