तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से अधिवक्ता की हुई मौत,परिजनों में मचा कोहराम

0
6

 

सिकंद्राराऊ से इस वक्त की बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। बृजभान सिंह चौहान का सड़क हादसे में दर्दनाक निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वे रोज़ की तरह अपने गांव से सिकंद्राराऊ सिविल न्यायालय आ रहे थे।

घटना सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के पीपल गांव के पास की बताई जा रही है। जैसे ही अधिवक्ता सड़क पर पहुंचे, तभी लापरवाही से चलाए जा रहे एक कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

बताया जा रहा है कि बृजभान सिंह चौहान एक मिलनसार और लोकप्रिय अधिवक्ता थे। हाल ही में उन्हें सिविल बार के चुनाव में निर्विरोध सचिव चुना गया था और वे जल्द ही शपथ लेने वाले थे। उनके अचानक हुए निधन से अधिवक्ता समुदाय और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान भी पहुंचे और उन्होंने अधिवक्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कैंटर चालक की तलाश की जा रही है। इस दुखद हादसे से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here