हाथरस। शुक्रवार को तालाब चौराहे पर कांवड़ियों की सुरक्षा एवं विश्राम के लिए लगाए गए कावड़ सेवा कैंप का जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कैंप में मौजूद कांवड़ियों से हालचाल जाना और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा फल वितरित किए। अधिकारियों ने कांवड़ियों के साथ “बम-बम भोले” के जयकारे लगाए और उनकी कांवड़ यात्रा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कैंप में पेयजल, विश्राम, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डॉ. बसंत अग्रवाल, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार तथा सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









