आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को 5, कालिदास मार्ग स्थित माननीय मुख्यमंत्री आवास पर सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने हाथरस विधानसभा क्षेत्र के लंबित एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया।
श्रीमती माहौर ने विशेष रूप से यमुना एक्सप्रेस-वे के खंदौली कट पर एप्रोच रोड निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि हाथरस से लखनऊ अथवा लखनऊ से हाथरस आने-जाने वाले नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है, क्योंकि खंदौली कट पर न तो वाहन उतारने और न ही चढ़ाने हेतु समुचित एप्रोच रोड उपलब्ध है। चूंकि यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण राज्य सरकार के अधीन है, अतः जनहित को दृष्टिगत रखते हुए दोनों ओर एप्रोच रोड निर्माण की कृपा करने का निवेदन किया गया।
इसके अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज, ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, एम.जी. पॉलिटेक्निक मैदान में क्रीड़ा स्थल विकास, सासनी में महाविद्यालय की स्वीकृति तथा पीडब्ल्यूडी विभाग की लंबित सड़कों के निर्माण संबंधी विषय भी प्रमुखता से रखे गए।
विधायक महोदया ने जनपद स्तर पर विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग भी की, जिनमें सीएमओ, डीपीआरओ, उप निदेशक कृषि, डूडा, जेई विनियमित क्षेत्र, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, पीओ नेडा, उपयुक्त राष्ट्रीय आजीविका मिशन एवं उप संभागीय विपणन अधिकारी शामिल हैं।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने प्रदेश के ऐतिहासिक बजट तथा ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना में हाथरस की रबड़ी को स्थान देने के लिए मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।









