अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार 4 हुए घायल,दो गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर

0
6

अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार दंपति सहित चार घायल, दो अलीगढ़ रेफर

हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव सेवा नगला के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक अज्ञात वाहन ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में मोपेड पर सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नगला जेहरू निवासी दानवीर अपनी पत्नी अनीता, 4 वर्षीय मासूम बेटे सूरज और अपने साले के साथ मोपेड पर सवार होकर सासनी स्थित एक ईंट भट्टे पर काम करने के लिए आ रहे थे। जैसे ही उनकी मोपेड सेवा नगला के पास पहुँची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुँची और सभी घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार भी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुँच गए और घायलों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। सीएचसी में तैनात एमओआईसी डॉ. पंकज कुमार ने तत्काल सभी का प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, अनीता और 4 वर्षीय सूरज की हालत चिंताजनक बनी हुई थी, जिसे देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार काम के सिलसिले में सासनी आ रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस अब टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here