हाथरस में कांवड़ लेकर से लौट रहे 27 वर्षीय कांवड़िया की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव मई के पास मध्य रात्रि में हुई। मृतक की पहचान हाथरस के कस्बा मुरसान के मोहल्ला व्यापारियान निवासी अजय पुत्र राजवीर के रूप में हुई है।
अजय गंगा घाट से कांवड़ लेकर लौट रहे थे, तभी एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाइक सवार शराब के नशे में था।
हादसे के बाद घायल अजय को उपचार के लिए हाथरस के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिजनों में मचा कोहराम
अजय की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। अजय अपने पीछे तीन बच्चों सहित अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।







