कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई,हादसे में 6 लोग हुए घायल

0
6

 

हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ कस्बे में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रविवार देर रात करीब 3:00 बजे हुई। जब नींद के झोंके में एक कार अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराई।

जानकारी के अनुसार, एक टोयोटा कार का चालक सवारियों को छोड़कर वापस लौट रहा था। रास्ते में उसने कुछ अन्य यात्रियों को अपनी कार में बैठा लिया। सिकंदराराऊ पहुंचते ही चालक को नींद आ गई, जिससे वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार रेलवे लाइन के आगे कोतवाली के निकट एक खंभे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाली नजदीक होने के कारण पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदराराऊ पहुंचाया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया। बाद में, कुछ घायलों के परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए वृंदावन और मध्य प्रदेश ले गए।

घायलों की पहचान मुस्कान (25 वर्ष, निवासी वृंदावन), गंगा देवी (65 वर्ष, निवासी वृंदावन), सोनू (33 वर्ष, निवासी वृंदावन), उत्सव मिश्रा (27 वर्ष, निवासी फर्रुखाबाद) और वीरेंद्र पटेल (35 वर्ष, निवासी बमोरी, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। एक अन्य घायल की जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण चालक को नींद का झोंका आना बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here