हाथरस के सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार को आयरन सुक्रोज सप्ताह के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत सासनी के चेयरमैन राजीव कुमार वाष्र्णेय ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को लोहे की कढ़ाई, ताजे फल और हरी सब्जियों की टोकरी वितरित की गई।
चेयरमैन राजीव कुमार वाष्र्णेय ने उन गर्भवती महिलाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित किया, जिनका हीमोग्लोबिन स्तर 8 ग्राम से कम पाया गया था। इनमें जरैया की रुबी, ममौता कलां की आरती, महमूदपुर की हर्षिता, बिहजारी की सावित्री और हडौली की कोमल शामिल थीं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि वितरित की गई टोकरी में चुकंदर, गाजर, अनार, संतरा और पालक जैसे आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल थे। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को भोजन बनाने के लिए लोहे की कढ़ाई का उपयोग करने की सलाह दी।
डॉ. कुमार ने महिलाओं को अपने आहार में पालक, मेथी और बथुआ जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों को अनिवार्य रूप से शामिल करने तथा आयरन सुक्रोज की निर्धारित खुराक समय पर लेने का भी संदेश दिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह, स्टाफ नर्स उमा, सीमा सिंह, खुशबू, बीपीएम प्रशांत यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।







