हाथरस।शासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के अंतर्गत आज जनपद हाथरस में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई संपन्न की गई। न्यायालय हाथरस के आदेशानुसार आबकारी अधिनियम से संबंधित जब्त माल के निस्तारण की प्रक्रिया विधिवत पूर्ण की गई।
थाना हाथरस जंक्शन पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत दो अभियोगों से संबंधित दाखिल माल, अर्थात अवैध शराब, के निस्तारण हेतु माननीय न्यायालय से पैरवी कर अनुमति प्राप्त की गई। माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट महोदय सदर, हाथरस के आदेश के अनुपालन में यह संपूर्ण कार्यवाही पारदर्शिता एवं नियमानुसार संपन्न कराई गई।
इस दौरान रीडर श्री संजय कुमार, सहायक क्लर्क चिन्टू कुमार, मा० न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हाथरस की उपस्थिति सुनिश्चित की गई। साथ ही थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन एवं थाना हाथरस जंक्शन पर नियुक्त हैड मोहर्रिर द्वारा मालखाने से जब्त माल को विधिवत बाहर निकलवाया गया।
करीब 1,000 लीटर अवैध शराब, जिसमें व्हिस्की शामिल थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये आंकी गई, को नियमानुसार नष्ट किया गया। इसके लिए उचित स्थान पर गड्ढा खुदवाकर अवैध शराब को पूर्णतः नष्ट किया गया तथा तत्पश्चात गड्ढे को विधिवत दबाकर कार्यवाही संपन्न की गई।
जनपद पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी सतत जारी रहेगा।







