हाथरस में नकली खाद फैक्ट्री पर प्रशासन ने मारा छापा, नामी कंपनियों की भरी जा रही थी बोरियां,गोदाम किया सील

0
4

 

हाथरस के सासनी में प्रशासन ने एक गोदाम पर छापा मारकर सरकारी खाद बरामद की है। इस कार्रवाई में नकली खाद बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है, जहां किसानों के साथ धोखाधड़ी की जा रही थी। एसडीएम नीरज शर्मा के नेतृत्व में सासनी तहसील के निकट स्थित इस गोदाम पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान गोदाम से अन्य केमिकल भी मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सरकारी खाद में इन केमिकलों को मिलाकर व्यावसायिक उपयोग के लिए भेजा जा रहा था।

जिलाधिकारी अतुल वत्स को इस अवैध गतिविधि की गोपनीय सूचना मिली थी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सासनी नीरज शर्मा ने जिला कृषि अधिकारी और पुलिस बल के साथ मौके पर छापा मारा। हालांकि, छापेमारी से पहले एक ट्रक माल वहां से जा चुका था। जांच में सामने आया कि आरोपी सरकारी सब्सिडी वाली खाद का उपयोग कच्चे माल के रूप में कर रहे थे।

इस खाद में मिलावट कर उसे नामी कंपनियों की बोरियों में भरकर बाजार में ऊंचे दामों पर औद्योगिक उपयोग के लिए बेचा जा रहा था। मौके से भारी मात्रा में सरकारी खाद की बोरियां, नामी ब्रांड्स के खाली पैकेट और अन्य केमिकल तथा संबंधित सामान बरामद किया गया है।

प्रशासन ने इस खाद के नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा है और गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स भी मुख्य विकास अधिकारी के साथ वहां पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस मामले में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो। इधर, इस बात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि सरकारी सब्सिडी वाली यह खाद अवैध धंधा करने वालों तक कैसे पहुंची।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here