जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी व सासनी बस स्टैंड का किया औचक निरीक्षण

0
4

हाथरस। जिलाधिकारी द्वारा शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी और स्थानीय बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत में जिलाधिकारी ने बस स्टैंड पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों पर नाराजगी जताई और पुलिस को निर्देश दिया कि बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दें। यात्रियों की सुविधा के लिए उन्होंने बस समय-सारणी का सूचना पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए। इसके पश्चात, सीएचसी सासनी में चल रहे ‘आयरन सुक्रोज सप्ताह’ अभियान की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने उन गर्भवती महिलाओं से सीधा संवाद किया जिन्हें एनीमिया के उपचार के लिए आयरन सुक्रोज दिया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं को खान-पान में सुधार करने और लोहे की कढ़ाई का प्रयोग करने की सलाह दी ताकि भविष्य में खून की कमी को रोका जा सके।

जिलाधिकारी ने अस्पताल की पैथोलॉजी और लेबर रूम का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सासनी सीएचसी में भी सिजेरियन ऑपरेशन (एलएससीएस) की सुविधा सुचारू रूप से चल रही है। निरीक्षण के अंत में उन्होंने अस्पताल परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य, दवाइयों की समय पर उपलब्धता और मरीजों के साथ उत्तम व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ पीएन दीक्षित सीएमओ राजीव गुप्ता, एसडीएम नीरज शर्मा,MOIC डॉ पंकज कुमार और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here