हाथरस जिले के सिकंदराराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अलीगढ़ मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी अतुल वत्स भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की। उन्होंने प्रसूता महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि जच्चा-बच्चा की सेहत के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत जरूरी है। उन्होंने प्रसूताओं को सलाह दी कि सभी निर्धारित टीके समय पर लगवाएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवाइयों का सेवन करें।
इस अवसर पर कमिश्नर ने एक प्रसूता को फल व दलिया भी वितरित किया और अस्पताल प्रशासन को पोषण संबंधी व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में कमिश्नर संगीता सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सिकंदराराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जच्चा-बच्चा के लिए होने वाला वैक्सीनेशन बेहद महत्वपूर्ण है और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।







