हाथरस में फैक्ट्री कर्मी ने खाया जहरः फैक्ट्री पहुंचते ही बेहोश हुआ, साथी कर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल
हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नाई का नगला में एक 45 वर्षीय युवक ने घरेलू कलह के चलते जहर खा लिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नाई का नगला निवासी विजय कुमार (45) पुत्र अर्जुनलाल एक चप्पल फैक्ट्री में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी अपनी बेटी के साथ मुरसान स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
विजय ने कई बार अपनी पत्नी को वापस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं लौटीं। इसी बात से परेशान होकर विजय ने आज सुबह जहर का सेवन कर लिया।
जहर खाने के बाद विजय इसी हालत में अपनी फैक्ट्री पहुंच गया, जहां वह बेहोश हो गए। फैक्ट्री मालिक और अन्य कर्मचारियों ने उनकी गंभीर हालत देखकर तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। उनके परिवार को भी घटना की सूचना दे दी गई है।







