हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के मधुगढ़ी स्थित निजाम होटल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो में एक युवक तंदूर पर रोटी बनाते समय कथित रूप से थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि होटल संचालक शहाबुद्दीन ने इस वीडियो को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है।
सोमवार को रामजीलाल सुमन अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ निजाम होटल पहुंचे और होटल स्वामी से पूरे प्रकरण की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग वीडियो के जरिए अवैध वसूली का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि होटल स्वामी के अनुसार कुछ लोगों ने उनके बेटे को घर से बुलाकर एक लाख रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में होटल का वीडियो वायरल कर दिया गया।
होटल स्वामी ने स्पष्ट कहा कि उनके प्रतिष्ठान में इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि उनका होटल करीब 90 वर्षों से संचालित हो रहा है और उसकी साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में राज्यसभा सांसद ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर वार्ता कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। मौके पर रामनारायण काके, बृजमोहन राही, लल्लन बाबू एडवोकेट, ललित चौधरी, अकील कुरैशी और हेमंत गौड़ सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









