सासनी (हाथ्रस)। कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर में दो दिन पूर्व एक गर्भवती महिला के साथ हुई मारपीट के मामले में दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मुलाकात की। पीड़ित भूमि कुमारी, जो कि अधिवक्ता संदीप सिंह की पत्नी हैं, के साथ गांव के ही कुछ नामजद लोगों ने मारपीट की थी, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए सीएचसी सासनी भेजा था, जहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले को लेकर आज तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में दर्जनों अधिवक्ताओं ने कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार से वार्ता की और घटना पर रोष व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की। अधिवक्ताओं ने पुलिस को स्पष्ट किया कि एक गर्भवती महिला के साथ ऐसी हिंसा बर्दाश्त के बाहर है।
कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए बताया कि दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और डॉक्टरी परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान एडवोकेट संजीव कुमार, मधुकर नगायच, प्रशांत पाठक समेत अन्य अधिवक्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।









