जनपद में संचालित मीजिल्स-रूबैला (एमआर) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत आज जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एम.आई. आलम के नेतृत्व में टीम द्वारा ब्लॉक हसायन के विभिन्न टीकाकरण सत्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण टीम में वीसीसीएम श्री दिनेश सिंह एवं डीसी जेएसआई श्री सतेन्द्र कुमार भी शामिल रहे।
🔹 सरोजदेवी इंटर कॉलेज, पिछैती में निरीक्षण
एमआर टीकाकरण सत्र के दौरान एएनएम ललितेश कुमारी एवं आशा संतोष कुमारी द्वारा सत्र का आयोजन किया जा रहा था। निरीक्षण में पाया गया कि एएनएम के पास बच्चों की सूची उपलब्ध नहीं थी। विद्यालय में पंजीकृत 90 बच्चों के सापेक्ष 39 बच्चों को एमआर टीका लगाया जा चुका था।
हालांकि, यूविन पोर्टल पर केवल 28 बच्चों की ही प्रविष्टि की गई थी। इसके अतिरिक्त ब्लॉक स्तर से सत्र की कोई मॉनिटरिंग नहीं कराई गई थी।
इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को संबंधित एएनएम एवं सुपरवाइजर से स्पष्टीकरण प्राप्त कर दो कार्य दिवस में स्पष्ट आख्या सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
🔹
नगला शेखा में टीकाकरण सत्र
दूसरे निरीक्षण में नगला शेखा के सत्र का जायजा लिया गया, जहां एएनएम आरती द्वारा दो स्कूलों में टीकाकरण कार्य संपादित किया जा रहा था। यहां 77 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष 53 बच्चों को एमआर टीका लगाया जा चुका था।
हालांकि एएनएम के पास बच्चों की सूची उपलब्ध नहीं थी, लेकिन यूविन पोर्टल पर बच्चों की एंट्री समय से की जा रही थी। एएनएम का कार्य संतोषजनक पाया गया।
यहां भी ब्लॉक स्तर से किसी प्रकार की मॉनिटरिंग नहीं कराई गई थी।
📌 निष्कर्ष
निरीक्षण के दौरान जहां एक ओर कुछ खामियां सामने आईं, वहीं दूसरी ओर टीकाकरण कार्य में प्रगति भी देखी गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने हेतु नियमित मॉनिटरिंग एवं अभिलेखों के समुचित रखरखाव पर विशेष जोर दिया।









