तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने ईको वैन में में टक्कर 6 लोगों की हुई दर्दनाक मौत,7 हुए घायल

0
1

 

हाथरस।उत्तर प्रदेश के हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में माइलस्टोन 141 के पास दिल्ली से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में बेकाबू होकर वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन करीब 10 फीट दूर उछलकर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

वैन में सवार 13 लोग दिल्ली से राजस्थान के राजाखेड़ा, धौलपुर जा रहे थे। सभी होली का त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब 4:15 बजे हुए इस हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई और जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को खंदौली सीएचसी भिजवाया, जहां से तीन को आगरा रेफर किया गया।

मृतकों में आगरा के शमशाबाद थाना क्षेत्र के सुडरई निवासी विजय उनकी पत्नी पिंकी और नाथू देवी शामिल हैं। वहीं राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के गंगोलियापुर निवासी दिनेश उनकी पत्नी सुनीता और चमोली निवासी लोकेश की भी मौत हो गई।

घायलों में ईको चालक वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश सहित मनोज, आर्यन, अंशु, लक्ष्य, प्राची और पूनम बघेल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना सामने आया है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here