युवक ने सरेआम तमंचे की फायरिंग,वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने युवक को पकड़ा

0
1

 

हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ क्षेत्र के हूरमत गंज स्थित राइनो वाली मस्जिद के पास मंगलवार दोपहर नमाज से ठीक पहले अवैध हथियार से फायरिंग किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब दोपहर 2 बजे एक युवक ने लंबी नाल के देसी कट्टे से दो राउंड फायर किए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद मामला नगर में चर्चा का विषय बन गया।

बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला युवक स्थानीय निवासी है और पूर्व में नगर पालिका में चपरासी के पद पर कार्यरत था, लेकिन वर्तमान में बर्खास्त चल रहा है।

घटना के दौरान युवक ने तमंचे में कारतूस लोड कर दो बार फायर किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

पुलिस के मुताबिक, युवक ने कथित तौर पर शौकिया अंदाज में हथियार की जांच के उद्देश्य से फायरिंग की थी। हालांकि धार्मिक स्थल के पास हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here